बाह: बासौनी के कुंवरखेडा गांव में सूने घर से चोरी
- फोटो : Archive
बाह। बासौनी के कुंवरखेड़ा गांव में सोमवार को सूने पड़े घर का ताला तोड़कर 10 लाख रुपये के नकदी, जेवर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। कुंवरखेड़ा के प्रेमशंकर शर्मा ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह घर से ग्वालियर गए थे। सोमवार को साझीदार दिनेश चंद ने फोन कॉल पर घर से चोरी होने की जानकारी दी। ग्वालियर से वापस लौट कर घर आए तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर कमरों के ताले एवं अलमारी, बक्से और बेड टूटे पड़े मिले, सामान बिखरा पड़ा था। छानबीन करने पर पता चला कि चोर 20 हजार की नकदी एवं 10 लाख रुपये कीमत के सोने, चांदी के जेवर चोरी हो गए हैं। तहरीर पर बासौनी पुलिस ने चोरी की वारदात को लेकर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। संवाद