मैनपुरी। शासन के निर्देश पर शनिवार को बीएसए दीपिका गुप्ता ने बीईओ और जिला समन्वयकों के सहयोग से किशनी विकास खंड के स्कूलों का सामूहिक निरीक्षण कराया। देर शाम तक चार अधिकारियों की रिपोर्ट उपलब्ध हुई। इसमें छह स्कूलों में ताला लटकता मिला। अन्य स्कूलों के निरीक्षण में तीन प्रधानाध्यापक, तीन सहायक अध्यापक और तीन शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांग गया है।
शासन के आदेश पर दूरस्थ स्कूलों का सामूहिक निरीक्षण करने के लिए बीएसए दीपिका गुप्ता किशनी विकास खंड पहुंचीं। प्राथमिक विद्यालय जवापुर 7:25 बजे बंद मिला जबकि प्राथमिक विद्यालय नगला भज्ज पर 7:30 बजे ताला लटका मिला। बीएसए को 9:05 बजे प्राथमिक विद्यालय नगला दुगई पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक सुरजीत सिंह अनुपस्थित मिले। खंड शिक्षाधिकारी घिरोर सुमित कुमार वर्मा को किशनी विकास खंड के स्कूलों के निरीक्षण के दौरान सुबह 7:40 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय रामनगर, 7:45 बजे प्राथमिक विद्यालय रामनगर, 7:50 बजे कन्या प्राथमिक विद्यालय रामनगर बंद मिला। 8:15 बजे बीईओ सुमित कुमार को प्राथमिक विद्यालय कलुआपुर पर प्रधानाध्यापक संजीव कुमार और शिक्षामित्र रजनी अनुपस्थित मिलीं।
खंड शिक्षाधिकारी बेवर जेपी पाल को 7:47 बजे प्राथमिक विद्यालय हिरौली बंद मिला। खंड शिक्षाधिकारी किशनी सुनील कुमार दुबे को कन्या प्राथमिक विद्यालय कटरा पर प्रधानाध्यापक विजय राजे सिंधिया, सहायक अध्यापिका प्रियंका दुबे और अमिता, शिक्षा मित्र आशा शर्मा और उमाकांत अनुपस्थित मिले। सुनील कुमार को प्राथमिक विद्यालय करनाई पर सहायक अध्यापिका सलौनी अनुपस्थित मिलीं। बीएसए ने सभी बंद विद्यालय के समस्त स्टाफ का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं अनुपस्थित शिक्षक- शिक्षिकाओं का भी अनुपस्थित दिनों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। 24 जुलाई तक उचित स्पष्टीकरण न मिलने की दशा में कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
----
प्रधानाध्यापक ने गुमराह कर कर दिए हस्ताक्षर
प्राथमिक विद्यालय हिरौली का निरीक्षण खंड शिक्षाधिकारी बेवर जेपी पाल ने 7:47 बजे किया था निरीक्षण के दौरान विद्यालय बंद मिला था। बीएसए दीपिका गुप्ता इस विद्यालय का निरीक्षण करने 9:23 बजे पहुंचीं तो विद्यालय खुला मिला। यहां तैनात सभी शिक्षक और शिक्षा मित्र उपस्थित मिले। यहां मौजूद प्रधानाध्यापक अवनीश कुमार दुबे ने 7:15 की अपनी उपस्थिति दिखाते हुए हस्ताक्षर कर दिए जबकि खंड शिक्षाधिकारी को 7:47 बजे बंद मिला था। बीएसए ने अवनीश कुमार दुबे को नोटिस जारी कर 24 जुलाई तक स्पष्टीकरण मांगा है।
----
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बीएसए दीपिका गुप्ता का कहना है कि शिक्षण व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस प्रकार के निरीक्षण सभी विकास खंड में होंगे। लापरवाह शिक्षकों पर कार्रवाई होगी। शिक्षक समय से विद्यालय में उपस्थित होकर शिक्षण कार्य करें। छात्र उपस्थिति और पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए।