कासगंज। जिला अस्पताल में लिवर संबंधी जांच की व्यवस्था तो है, लेकिन लिवर विशेषज्ञ चिकित्सक जिला चिकित्सालय में नहीं हैं। लिवर से जुड़ी बीमारियों के रोगी लगातार जिला चिकित्सालय पहुंच रहे हैं और उनकी संख्या में इजाफा हो रहा है। यहां होने वाली रक्त की जांच में सौ मरीजों में से प्रतिदिन 10-15 मरीजों में लिवर रोग के लक्षण मिल रहे हैं। लिवर के एन्जाइम में गड़बड़ी आ रही है वहीं अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट में फैटी लिवर की समस्या बढ़कर आ रही है।लिवर विशेषज्ञ की तैनाती न होने के कारण जिले में लिवर रोग से पीड़ितों को बाहर इलाज के लिए जाना पड़ता है। निजी क्षेत्र में भी कोई चिकित्सक लिवर संबंधी रोग का शहर में नहीं है। रोगियों की बढ़ती संख्या के बीच लोगों को महानगरों की ओर इलाज के लिए जाना पड़ रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि लिवर संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। उसके पीछे अधिक जंक फूड का सेवन करना व चिकनाई का अधिक सेवन करना है। इसके अलावा दूसरा कारण मदिरा पान करना है। जंक फूड का अत्यधिक सेवन करने के कारण बच्चे भी शिकार हो रहे हैं।