कासगंज। सहकारी समितियों के लिए 2220 मीट्रिक टन खाद का उठान कर दिया गया, इसी के साथ ही समितियों पर खाद की किल्लत दूर हो गई है। समितियों पर खाद आते ही किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं 1040 मीट्रिक टन खाद जिले की सहकारी समितियों के लिए और मिल गई है। जिले में इस समय किसान गेहूं, मटर, आलू आदि फसलों की बुवाई में जुटा हुआ है। फसल की बुवाई करने को किसान कई दिन से खाद के लिए परेशान चल रहा था, विभाग ने बफर के स्टाॅक से जिन समितियों पर खाद समाप्त हो गई उनके लिए उठान कर दिया। जैसे ही किसान को समितियों पर खाद आने की सूचना मिली किसान खाद के लिए समितियों पर पहुंचना शुरू हो गए। किसान सुबह जल्द ही समितियों पर पहुंच गए। किसानों ने खाद के लिए लाइन लगा ली। कई घंटों की मशक्कत के बाद किसान समितियों से खाद पाने में सफल हो सके। खाद मिलते ही किसान राहत में आ गए। अब किसान अपनी फसल की बुवाई आसानी से कर सकेंगे।