कासगंज। उपजिलाधिकारी पटियाली कुलदीप सिंह व उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह की टीम ने तहसील पटियाली में, उपजिलाधिकारी संजीव कुमार व जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र की टीम ने तहसील कासगंज में 38 कीटनाशी रसायन विक्रेताओं के यहां छापामार कार्रवाई की। 15 नमूने एकत्रित कर लैब भेजे गए। निरीक्षण में दुकान बंद कर गए 10 विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। अपूर्ण अभिलेख पर दो को कारण बताओ नोटिस दिया गया।निरीक्षण के दौरान अंबे किसान सेवा केंद्र बदरिया, दीक्षित किसान सेवा केंद्र तोलकपुर, एमपी ट्रेडर्स फतेहपुर, लक्ष्मी खाद भंडार सलेमपुर बीबी, न्यू गंगा खाद भंडार, दाऊजी खाद बीज भंडार, हनी ट्रेडर्स, कृष्णा बीज भंडार सलेमपुर बीबी, प्रकाश बीज भंडार दरियावगंज व किसान बीज एजेंसी दरियावगंज के लाइसेंस निलंबित कर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। अभिलेख अपूर्ण होने पर एग्री जक्शन वन शॉप स्टॉप बदरिया व बालाजी बीज भंडार बिलराम गेट कारण बताओ नोटिस दिया गया है। जिला कृषि रक्षा इकाई अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र ने कीटनाशी रसायनों के उपयोग व सावधानी बरतने की जानकारी किसानों को दिए जाने के लिए विक्रेताओं को निर्देशित किया।