कासगंज। अमर उजाला की ओर से भविष्य ज्योति सम्मान समारोह के दौरान जिले के 151 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेधा सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों को डीएम मेधा रूपम एवं एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर मेधावियों के चेहरे खिल गए। इस अवसर पर डीएम ने बच्चों को सीख देते हुए कहा, वे हमेशा बड़े सपने देखें और उन्हें साकार करने के लिए पूरे मनोयोग से प्रयास करें। वहीं, एसपी ने कहा-विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ जीवन में नैतिक मूल्यों का भी ध्यान रखेें। साथ ही अपने लक्ष्य पर सदैव ध्यान केंद्रित रखें। शहर के प्रतिष्ठित होटल फोरलीफ में बृहस्पतिवार को अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शैक्षिक सत्र 2023-24 के जिले के यूपी बोर्ड और सीबीएसई के दसवीं और बारहवीं के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत डीएम मेधा रूपम और बीएसए सूर्यप्रताप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि मेधावियों ने कड़ी मेहनत करके अपने विद्यालय और अपने जिले में अव्वल मुकाम पाया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को हमेशा बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने के लिए कड़ी मेहनत और पूरे मनोयोग से प्रयत्न करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी पढ़ाई के अलावा खेलकूद पर भी ध्यान दें। इससे उन्हें स्वस्थ मनोरंजन तो मिलता ही है, साथ ही यह उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए भी मददगार हैं।। उन्होंने अमर उजाला के मेधावी सम्मान समारोह की सराहना की। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि एक छत के नीचे जिले के इतने मेधावियों से एक साथ मिलने का मौका मिल रहा है। अमर उजाला ने यह मौका दिया है जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थी अपने लक्ष्य को केंद्रित करते हुए कड़ी मेहनत से उसे हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ें। मंजिल कोई कठिन नहीं होती। बस उसे पाने के लिए सकारात्मक प्रयास करने की जरूरत है। बीएसए सूर्य प्रताप सिंह ने शिक्षा के मूल्य पर विचार रखे। उन्होंने जीवन को संवारने का बेहतर माध्यम शिक्षा को बताया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नई शिक्षा नीति की जानकारी दी। कार्यक्रम में शिक्षाविद एवं वरिष्ठ समाजसेवी संतोष माहेश्वरी ने शिक्षा के 7 सफलता के मूलमंत्र विद्यार्थियों से साझा किए और मेधावियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।