कासगंज। डीएम मेधा रूपम एवं एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने शुक्रवार की सायं कांवड़ मेला को लेकर लहरा गंगाघाट से लेकर कावंड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने व्यवस्थाओं के संबंध में अधीनस्थ, प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कतें नहीं हों। डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा में जो श्रद्धालु आते हैं उनकी सुरक्षा करना प्रशासन व पुलिस प्रशासन की अहम जिम्मेदारी होती है। अधिकारी कर्मचारी मिलकर कांवड़ यात्रा को सफल बनाएं। उन्होंने लहरा गंगाघाट पर लगाए बनाए गए चेंजिंग रूम को हिलाकर भी देखा। उन्होंने चेंजिंग रूम को मजबूती स्थापित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि लहरा गंगाघाट पर जो गहरे जल के संकेतक लगाए हैं उन संकेतकों की निगरानी रखी जाए। कहीं कोई संकेतकों को हटा न दे। उन्होंने मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी देखी। घाट पर तैनात किए गए प्राइवेट गोताखोरों से भी बातचीत की। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने इंस्पेक्टर सोरोंजी से घाट पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के बारे में पूछा। वहीं किसी भी प्रकार लापरवाही न करने की हिदायत दी। लहरा गंगाघाट से मोहनपुरा तक कांवड़ियों के मार्ग की व्यवस्था को परखा। सड़कों के गड्ढे भरवाए जाने के संबंध में पीडब्ल्यूडी व नगरपालिका को निर्देश दिए।