मैनपुरी। कलेक्ट्रेट के वकीलों ने बुधवार को भी राजस्व न्यायालयों में काम नहीं किया। नारेबाजी करके बार एसोसिएशन के सभागार में धरना दिया। वकीलों ने ऐलान किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती तब तक राजस्व न्यायालयों का बहिष्कार जारी रहेगा।
कलेक्ट्रेट के वकील 12 दिन से पुलिस की कार्यशैली के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। मंगलवार से वकीलों ने राजस्व न्यायालयों में कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। बुधवार को भी वकीलों ने राजस्व न्यायलयों में कार्य नहीं किया। बारिश के चलते वैसे ही वादकारी कम आए। जो वादकारी किसी तरह मुकदमों की पैरवी के लिए पहुंचे उनको भी केवल तारीखें लेकर ही लौटना पड़ा। राजस्व न्यायालयों में पहले से सूचीबद्ध किसी मुकदमे में सुनवाई नहीं हो सकी।
बुधवार को वकील बार एसोसिएशन के सभागार में एकत्रित हुए। नारेबाजी करने के बाद सभागार में ही धरना दिया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सवेंद्र यादव ने कहा कि वकीलों के साथ होने वाले अपराध में पुलिस गंभीरता नहीं बरतती है। इससे वकीलों में असंतोष है। एक मुकदमे में पुलिस ने धारा 307 हटा दी है। दूसरे मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई नहीं कर रही है। मांगें पूरी नहीं होने तक राजस्व न्यायालयों का बहिष्कार जारी रहेगा। अशोक दीक्षित, अभिषेक मिश्रा, आशीष सक्सेना, अवनीश सक्सेना, सौरभ पांडेय, संजीव यादव, देवेंद्र यादव मौजूद रहे।