आगरा। भारतीय जूडो के हाई परफॉर्मेंस कोच और आगरा निवासी लाल कृष्ण बघेल को 2026 की कैडेट एवं जूनियर एशियन जूडो चैंपियनशिप (जॉर्डन) के लिए भारतीय टीम का कोच नियुक्त किया गया है। उनके मार्गदर्शन में पिछले पांच वर्षों से प्रशिक्षण ले रहे पांच खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कैडेट वर्ग में दिव्या सरवैया (-44 किग्रा), दिव्या मकवाना (-48 किग्रा), दिशा (-52 किग्रा) और खुशबू रजकभाई दरजादा (-63 किग्रा), जबकि जूनियर वर्ग में स्पर्श सिंह (-60 किग्रा) भारतीय चुनौती पेश करेंगे। विजयी भारत फाउंडेशन (वीबीएफ), अहमदाबाद के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में कार्यरत बघेल के प्रशिक्षित खिलाड़ी पांच वर्षों से लगातार एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनका लक्ष्य लॉस एंजिल्स ओलंपिक-2028 के लिए भारत का पदक विजेता जूडो खिलाड़ी तैयार करना है।