आगरा लेडी लॉयल में ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के लिए धक्कामुक्की हुई। इससे कई गर्भवती महिलाओं की हालत खराब हो गई। परेशानी बढ़ने पर महिलाएं जमीन पर ही बैठ गईं। यहां सोमवार को 600 से अधिक मरीज पहुंचे, लेकिन भीड़ नियंत्रण करने और मरीजों की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं नहीं की गईं हैं।
लेडी लॉयल में सोमवार को अन्य दिनों के मुकाबले मरीजों की ज्यादा भीड़ रहती है। ऐसे में इनके बैठने और एनाउंस कर मरीजों को ओपीडी में बुलाने की व्यवस्था भी नहीं है। सोमवार को पर्चा जमा कराने के लिए धक्कामुक्की हो गई।
तीन-चार घंटे लाइन में खड़े होने से एक-दो गर्भवतियों को चक्कर आने लगे। ऐसे में वे वहीं जमीन पर ही बैठ गईं। एसआईसी डॉ. कंचन अग्रवाल ने बताया कि ओपीडी में मरीजों की सुविधा के लिए टोकन व्यवस्था की जा रही है। इससे मरीजों को लाइन में नहीं लगना होगा।