करहल। करहल ब्लॉक कार्यालय के सभागार में आयोजित कंप्यूटर हार्डवेयर मेंटिनेंस एवं नेटवर्किंग उद्यमिता एवं कौशल विकास प्रशिक्षण का सोमवार को समापन हो गया। समापन कार्यक्रम में पहुंचे एमएसएमई विकास कार्यालय आगरा के उपनिदेशक ब्रजेश यादव ने युवाओं में उद्यमशीलता और हुनर की कमी बेरोजगारी का मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा कि उद्यमशीलता और कौशल के द्वारा ही शिक्षित युवा अपना खुद का रोजगार शुरू कर कामयाबी प्राप्त कर सकते हैं।
उपनिदेशक ब्रजेश यादव ने कहा कि युवा हमेशा अपना मनोबल ऊंचा रखें और अनुशासित व सकारात्मक होकर कार्य करें। उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम की परिभाषा से अवगत कराते हुए जीवन में सफलता पाने के गुणों के बारे में बताया और उन्हें अपनाने की सलाह दी। उपनिदेशक ने एमएसएमई विकास कार्यालय की ओर से स्वरोजगार में सहायक योजनाओं की जानकारी प्रतिभागियों को दी। उन्होने बताया कि योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अनिल प्रकाश तिवारी ने प्रतिभागियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेरोजगार योजना बनाकर कार्य करें। उनकी स्वरोजगार ऋण सम्बंधी शंकाओं का समाधान भी उन्होंने किया। कार्यालय की ओर से शिक्षित युवाओं को स्वावलंबी बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में 50 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।