मैनपुरी। एटीएस का फर्जी सिपाही बनकर लोगों पर धौंस जमा रहे युवक को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से आईकार्ड बरामद हुआ है। युवक का एक रिश्तेदार एटीएस में है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया।
सोमवार की सुबह इंस्पेक्टर कोतवाली विक्रम सिंह को सूचना मिली की एक युवक करहल चौराहा के पास लोगों पर धौंस जमा रहा है। वह खुद को यूपी एटीएस का सिपाही बता रहा है। उसके पास एक आई कार्ड भी है। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को कोतवाली ले आई। उसने अपना नाम राहुल निवासी यादव नगर सदर कोतवाली बताया। जब पूछताछ की तो पता चला कि उसका रिश्तेदार एटीएस में है। उसके पास जो कार्ड है वह उसी सिपाही के आईकार्ड का प्रिंट है। बताया कि वह इसी कार्ड को दिखाकर लोगों पर रौब जमाता था। पुलिस ने परिचय पत्र को कब्जे में ले लिया है।