कासगंज। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति से इलाज देने के लिए खिरिया पट्टी में बने अस्पताल का 15 लाख की लागत से कायाकल्प होगा। कायाकल्प के लिए बजट की 7.5 लाख की पहली किस्त मिल जाने के बाद विभाग के माध्यम से कार्य कराया जा रहा है। अस्पताल का कायाकल्प हो जाने के बाद मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
खिरिया पट्टी का होम्योपैथी अस्पताल बना हुआ है। इस अस्पताल पर सुविधाओं को बढ़ाने के लिए शासन को प्रोजेक्ट तैयार करके डीपीआर भेजी गई। 15 लाख रुपये के बजट की मांग की गई। शासन से पहली किस्त के रूप में 7.50 लाख रुपये का बजट उपलब्ध कराया गया। अस्पताल में पेयजल सुविधा के लिए सबमर्सिबल, टूटे फर्श पर टायलीकरण कराने, दीवार का निर्माण करने सहित अन्य कार्य कराए जाने हैं। इसके साथ ही मरीजों को बैठने के इंतजाम भी अस्पताल में होने हैं। धन मिलने के बाद कार्य शुरू भी करा दिया गया है। अभी तक इस अस्पताल पर चिकित्सक व चतुर्थश्रेणी कर्मी की ही तैनाती है। फार्मासिस्ट नहीं होने से भी दिक्कतें रहती हैं। फार्मासिस्ट की तैनाती के लिए भी शासन से मंजूरी मिल गई है। जल्द ही फार्मासिस्ट की तैनाती हो जाएगी। जिससे अस्पताल पर आने वाले मरीजों को काफी राहत मिलेगी।