अपराधी और हिस्ट्रीशीटर पर रखें पैनी निगाह
- किशनी पहुंचे एसपी ने अधीनस्थों के साथ की बैठक, बूथ भी देखे
संवाद न्यूज एजेंसी
किशनी। चुनाव के चलते पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार लगातार भ्रमण पर हैं। वे थानों में जाकर पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर रहे हैं तो वहीं बूथों पर भी व्यवस्थाएं देख रहे हैं। शनिवार को किशनी पहुंचे एसपी ने अधीनस्थों को अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों पर पैनी निगाह रखने के निर्देश दिए।
थाने में आयोजित बैठक में एसपी ने कहा कि चुनाव में अब कम समय बचा है। ऐसे में अपने-अपने क्षेत्र में ये सुनिश्चित कर लें कि कोई भी अराजक तत्व किसी को वोट डालने से न रोकने पाए। जो भी अपराधी जेल से बाहर हैं, उनकी नियमित निगरानी करें। साथ ही हिस्ट्रीशीटर पर भी नजर बनाए रखें। ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले छोटे विवादों का प्राथमिकता पर निराकरण कराते हुए शांति बनाए रखने के लिए कहा।
इसके बाद उन्होंने रामसिंह महाविद्यालय में सुरक्षा बलों के ठहरने की व्यवस्था भी देखी। यहां से पुलिस अधीक्षक अति संवेदनशील मतदान केंद्र फरैंजी, अजीजपुर और चतुरीपुर का निरीक्षण किया। यहां प्रधान रनवीर शाक्य व ग्रामीणों से चुनाव संबंधी जानकारी ली।
एसपी ने खिदरपुर की जनपद सीमा की चौकी का निरीक्षण कर वाहनों की चेकिंग कराई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को वाहनों की सघन चेकिंग करने के लिए कहा। इस दौरान थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, पीआरओ कपिल वशिष्ठ, एसएसआई अमित सिंह, एसआई शिवमन्त सेंगर, राजेंद्र सिंह, सत्यपाल सिंह, नरेंद्र भदौरिया मौजूद रहे।