कासगंज से लापता हुआ युवक जुबैर
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के कासगंज में करीब एक माह पूर्व घर से बिना बताए बांग्लादेश जा पहुंचे युवक के मामले में अब खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। खुफिया एजेंसियों की टीम पहले ही परिवार के लोगों से संपर्क करके जानकारियां जुटा चुकी है। परिजनों से पूछताछ भी की गई है। युवक किन परिस्थितियों में बांग्लादेश पहुंचा इस बात की जांच एजेंसियां कर रही हैं। विदेश मंत्रालय के निर्देशों पर जांच शुरू हुई है। परिवार के लोग लगातार पुलिस से बेटे की वापसी की मांग कर रहे हैं।
थाने में दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी
सहावर के नवी नगर निवासी जुबैर छह जून को घर से बिना बताए लापता हो गया था। जिसकी गुमशुदगी सहावर थाने में दर्ज हुई। सहावर थाने की जांच पड़ताल में सामने आया कि युवक पश्चिम बंगाल से 6 माह के टूरिस्ट वीजा पर बांग्लादेश चला गया है। पुलिस ने मामले की जानकारी विदेश मंत्रालय को दी। मामला विदेश मंत्रालय में पहुंचने के बाद केंद्रीय जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। केंद्रीय एजेंसियां इस बात का पता लगा रहीं हैं कि युवक किन परिस्थितियों में बांग्लादेश गया।
महिला मित्र का नाम आया सामने
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बांग्लादेश की एंजिल क्वीन सिमी नाम की महिला मित्र से फेस बुक पर संपर्क में था। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया तो अब केंद्रीय खुफिया एजेंसियां इस पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। इस बात की भी आशंका है कि कहीं युवक हनी ट्रैप गिरोह का शिकार तो नहीं हुआ या फिर आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा कोई मामला तो नहीं है। पुलिस की जांच पड़ताल में जब युवक के बांग्लादेश पहुंचने की बात सामने आई तो पुलिस ने मामले की जानकारी विदेश मंत्रालय को दी। विदेश मंत्रालय के निर्देश पर केंद्रीय जांच एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। युवक के बाबा शमीम, पिता नसीम व शब्बे बेगम को बेटे के वतन वापसी का इंतजार है।
खुफिया एजेंसियां कर रहीं जांच
सहावर सीओ अजीत चौहान ने बताया कि बांग्लादेश पहुंचे युवक के मामले में केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के द्वारा जांच की जा रही है। युवक किन परिस्थितियों में बांग्लादेश पहुंचा। महिला मित्र किसी प्रतिबंधित संगठन से तो नहीं जुड़ी, वजह क्या है इन सब तथ्यों पर जांच जारी है।