सोरोंजी। जिला उद्योग कार्यालय कासगंज पर तैनात लिपिक की कुछ महिलाओं ने शुक्रवार को जिलाधिकारी से शिकायत की। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने जिला उद्योग केंद्र से दर्जी का प्रशिक्षण प्राप्त किया था, लेकिन उन्हें लिपिक की ओर से टूल किट नहीं दी जा रही है। प्रदेश की योगी सरकार जहां महिलाओं को सशक्तिकरण बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। वहीं, कुछ अधिकारी व कर्मचारी योजनाओं को पलीता लगा रहे हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में डीएम से शिकायत करने आईं महिलाओं ने बताया कि उन्होंने जिला उद्योग केंद्र से दर्जी का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। अब कार्यालय में तैनात लिपिक विनय राघव उनसे टूल किट देने के लिए सुविधा शुल्क मांग रहा है। जब महिलाओं ने पैसे देने से इंकार किया तो अभद्रता भी की। अब तक वह कई चक्कर जिला उद्योग कार्यालय के लगा चुकी हैं वह अपना काम शुरू नहीं कर पा रही हैं। इससे परेशान होकर वह लिपिक द्वारा पैसे मांगने व अभद्रता करने की डीएम से शिकायत करने आई हैं। शिकायत करने वालों में रश्मि, प्राची, चरण देवी, लाडो, प्रीति आदि महिलाएं मौजूद रहीं। लिपिक विनय राघव ने आरोपों को निराधार बताया। वहीं जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जिला उद्योग केंद्र उपायुक्त को सौंप दी गई है।