पटियाली। गंजडुंडवारा तहसील क्षेत्र के ग्राम सिरसोल में रविवार को एक युवक को सांप ने उस समय डस लिया, जब खेत में काम कर रहा था। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। गांव सिरसोल निवासी सुमित कुमार (18) रविवार की दोपहर अपने परिजन के साथ खेत पर काम कर रहा था, तभी सांप ने उसके बाएं पैर के अंगूठे में काट लिया। कुछ ही देर बाद सुमित बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। यह देख साथ में काम कर रहे लोग सुमित के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सांप के काटने का निशान था। परिजन सुमित को गंजडुंडवारा स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। एसडीएम कुलदीप सिंह ने नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, लेखपाल प्रमोद पाराशर व थाना पुलिस को मौके पर भेजकर कानूनी प्रक्रिया को पूरा कराया। एसडीएम कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतक सुमित के परिजन को दैवीय आपदा के तहत चार लाख रुपये की आर्थिक मदद की जाएगी।