पटियाली। अलीगंज मार्ग पर सोमवार की रात्रि एक ट्रक चालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। वह ट्रक के पंचर पहिया को दूसरे पहिए से बदल रहा था। उसी समय यह हादसा हो गया। सड़क हादसे में मौत का शिकार ट्रक चालक नबाब (48) निवासी सुरजापुर रूपवान जनपद भरतपुर हुआ। उसका ट्रक अलीगंज मार्ग पर ग्राम बीनपुर के निकट पंचर हो गया। वह पंचर पहिए को बदलने के लिए नीचे उतरा और सड़क किनारे बैठकर ट्रक के पहिए को खोलने लगा। उसी दौरान उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर दी। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हादसे की जानकारी उसके परिजनों को दी। वहीं उसके शव का पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं।
कोतवाली प्रभारी अमरेश ने बताया कि हादसे में मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी परिजनों के द्वारा तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।