कासगंज। एटा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा प्रत्याशी का नामांकन कराने के लिए प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक हेलीकॉप्टर से आएंगे और तीर्थनगरी के पर्यटक गेस्ट हाऊस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके लिए तैयारियां की गई हैं।डिप्टी सीएम का प्रोटोकॉल कार्यक्रम जिला प्रशासन को मिल चुका है। इस कार्यक्रम के मुताबिक 11 बजे वह हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पर पहुंचेंगे। यहां से कार की ओर से हरि की पौड़ी पर्यटक स्थल पर रवाना होंगे। 11:10 बजे से 12:40 बजे तक नामांकन के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके पश्चात 12:50 बजे पुलिस लाइन हेलीपेड से कानपुर नगर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। भाजपा की ओर से नामांकन कार्यक्रम को लेकर रविवार को दिनभर तैयारियां की गईं। जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी ने बताया कि तीर्थनगरी से नामांकन करने के लिए सभी पहुंचेंगे और नामांकन दाखिल करेंगे।