कासगंज। रविवार को दिनदहाड़े बहेड़िया-किलौनी मार्ग पर दो बदमाशों ने एक युवक से बाइक लूट ली। पीड़ित ने कोतवाली कासगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, थाना सोरोंजी के गांव घटिया निवासी किशनपाल रविवार को नोएडा से आए थे। उनके भाई अजय कासगंज से उन्हें लेकर गांव की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान किलौनी के बहेड़िया तिराहे पर अचानक पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक आए और उन्होंने बाइक रोकने का इशारा किया। जैसे ही बाइक रोकी तो तमंचे की नोंक पर जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी बाइक लूट ले गए। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मौका मुआयना भी किया। पीड़ित की तहरीर पर कासगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एएसपी राजेश भारती ने बताया कि पीड़ित का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए तीन टीम गठित कर दी हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।