कासगंज। देवीराम श्री मेमोरियल पब्लिक स्कूल ग्राम जरधर गंजडुंडवारा के प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने महानिदेशक शिक्षा का फर्जी तरीके से पत्र तैयार कराकर स्कूल में पदों का सृृजन कर लिया। बीएएसए ने विद्यालय के प्रबंधक व प्रधानाचार्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश खंड शिक्षा अधिकारी को दिए। खंड शिक्षा अधिकारी ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।महानिदेशक स्कूल शिक्षा और राज्य परियोजना निदेशक लखनऊ के कार्यालय के नाम से 15 मार्च 2023 को देवीराम श्री मेमोरियल पब्लिक स्कूल जरधर गंजडुंडवारा को संबोधित एक फर्जी पत्र जारी किया गया। यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके साथ ही एक अज्ञात व्यक्ति इस पत्र को बीएसए कार्यालय की डाक पटल पर रखकर चला गया। इस पत्र में विद्यालय को शासकीय सहायता की स्वीकृति दिए जाने एवं विद्यालय में शिक्षकों के पदों को सृजित करने का उल्लेख किया गया। किसी तरह से राज्य परियोजना कार्यालय को इसकी भनक लग गई, जिससे खलबली मच गई। मामला महानिदेशक स्कूल शिक्षा के संज्ञान में लाया गया। महानिदेशक ने बेसिक शिक्षा अधिकारी कासगंज को मामले में विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस निर्देशक के बाद जिला के शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। जांच करने पर विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य की संलिप्तता का मामला संज्ञान में आया। इसके बाद बीएसएस कार्यालय से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए गए।
विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने लाभ लेने के उद्देश्य से फर्जी एवं कूट रिचित तरीके से विद्यालय को एडड कर पदों का सृजन करने का षड्यंत्र रचा गया। इसके चलते दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। -राजीव यादव, बीएसए रिपोर्ट मनोज माहेश्वरी