कासगंज। अमांपुर कोतवाली में पुलिस की अभिरक्षा में युवक की मौत के मामले को लेकर अभी भी युवक के गांव में जिले की पुलिस की सतर्कता बरकरार है। दिन और रात पुलिस सुरक्षा में लगी हुई है। वहीं, दुख से घिरे परिजनों की निगाह पुलिस और मजिस्ट्रेटी जांच पर है। परिजन इस मामले में लगातार दोषियों को सजा की मांग उठा रहे हैं।पुलिस अभिरक्षा में रसलुआ सुलहपुर के युवक गौरव ने कोतवाली के महिला शौचालय में मफलस से फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। इसके बाद परिजन ने उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भेजा। जहां उसकी 14 फरवरी को मौत हो गई। परिजनों ने पांच पुलिसकर्मियों व दो अन्य के खिलाफ हत्या का मामला पंजीकृत कराया है। इस मामले की विवेचना पटियाली सीओ कर रहे हैं। वहीं, मामले की मजिस्ट्रेटी जांच भी जिलाधिकारी के निर्देश पर की जा रही है। जांच की प्रक्रिया चल रही है। जांच रिपोर्ट आने में अभी समय लगेगा। परिजन जांच रिपोर्टों का इंतजार कर रहे हैं कि कब उन्हें न्याय मिल पाएगा। वहीं गौरव के परिवार में ढांढस बंधाने के लिए लगातार लोग पहुंच रहे हैं और पीडि़त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।