कासगंज। निकाय चुनाव के अध्यक्ष पद के आरक्षण पर लोगों की निगाहें लगीं थीं। सोमवार शाम शासन ने नगरपालिका और नगरपंचायत के अध्यक्ष पदों के आरक्षण की सूची जारी कर दी। आरक्षण की सूची जारी होने के साथ ही कहीं खुशी का माहौल है तो कहीं मायूसी है। जिले में तीन नगरपालिका हैं जिसमें कासगंज नगरपालिका का अध्यक्ष पद अनारक्षित रहा है, जबकि सोरों नगर पालिका का अन्य पिछड़ा वर्ग महिला एवं गंजडुंडवारा का अध्यक्ष पद महिला के आरक्षित है। पटियाली और अमांपुर के अध्यक्ष पद के आरक्षण में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वह पूर्व की तरह अनारक्षित रहीं हैं।
जिले में तीन नगरपालिकाएं एवं सात नगर पंचायतें हैं। वर्ष 2017 के चुनाव की बात की जाए तो इस चुनाव में तीन नगर पालिकाओं में से गंजडुंडवारा ही अनारक्षित रही। जबकि कासगंज एवं सोरों महिलाओं के लिए आरक्षित हो गई। इसी तरह से सात नगर पंचायातें में से मोहनपुर, पटियाली एवं अमांपुर नगर पंचायत अनारक्षित रही। जबकि सिढ़पुरा, भरगैन, सहावर, महिलाओं के लिए आरक्षित की गई। वहीं बिलराम अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित की गई। पिछड़ी जाति के हिस्से में कोई भी सीट नहीं आई। इस बार हुए आरक्षण में पटियाली और अमांपुर का अध्यक्ष पद के आरक्षण में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यह दोनों ही सीटें पूर्व की तरह अनारक्षित हैं, जबकि तीन नगरपालिका और पांच नगरपंचायतों के आरक्षण के क्रम में बदलाव हुआ है। आरक्षण सूची जारी होते ही जिन दावेदारों के माफिक आरक्षण घोषित हो गया वह खुश नजर आए। जिन दावेदारों के विपरीत आरक्षण हो गया वहां मायूसी का आलम बन गया। चार दिन पूर्व शासन ने वार्डों का आरक्षण जारी कर दिया। सोमवार को अध्यक्ष पद का आरक्षण जारी होने के बाद निकाय चुनावों को लेकर सरगर्मियां बढ़ गईं।
निकाय 2017 का आरक्षण- 2022 का आरक्षण
नगर पालिका कासगंज- सामान्य महिला- अनारक्षित
नगर पालिका सोरोंजी- अनुसूचित जाति महिला- ओबीसी महिला
नगर पालिका गंजडुंडवारा- अनारक्षित -महिला
नगर पंचातय सिढ़पुरा -सामान्य महिला -अनारक्षित
नगर पंचायत सहावर -सामान्य महिला -अनारक्षित
नगर पंचायत भरगैन -सामान्य महिला- अनारक्षित
नगर पंचायत बिलराम -अनुसूचित जाति -अनारक्षित
नगर पंचायत मोहनपुर -अनारक्षित -ओबीसी
नगर पंचायत पटियाली- अनारक्षित -अनारक्षित
नगर पंचायत अमांपुर -अनारक्षित -अनारक्षित