कासगंज। जिले में एक सप्ताह बाद फिर से कोरोना की वापसी हुई है। मासूम सहित छह संक्रमित मिले हैं। अब यह आंकड़ा 118 पर पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संक्रमितों को होम आइसोलेट किया है। इन्हें और परिजन को दवाएं दी गई हैं।
जिले में 30 अप्रैल के बाद से कोरोना के मामले सामने नहीं आ रहे थे। इससे लोग लापरवाह होने लगे थे। अब छह कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें 4 सोरोंजी के हैं। सोरोंजी के मल्लाह नगर में 4 वर्षीय बालक संक्रमित मिला है। मिर्जापुर में एक किशोर व महिला, कस्बा सोरोंजी में एक बुुजुर्ग की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है।
कासगंज के ततारपुर कालोनी में महिला और गंजडुंडवारा में युवक कोरोना संक्रमित निकला। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या अब 6 हो गई है। विभाग की टीमों ने 408 सैंपल लिए थे। इनमें से 204 की एंटीजन जांच की गई। इनमें कोई संक्रमित नहीं निकला। 204 सैंपल आरटीपीसीआर जांच को लिए गए। इन्हें प्रयोगशाला भेजा गया। सीएमओ डाॅ. अवध किशोर प्रसाद ने कहा कि कोरोना से बचने के लिए गाइड लाइन का पालन करें।