कासगंज। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देख पुलिस ने लहरा मार्ग पर कुष्ठ आश्रम के पास बैरियर लगाकर लहरा घाट की ओर आने वाले कांवड़ियों के वाहनों को रोक दिया। वाहन रोके जाने से करीब आधा घंटे तक जाम लगा। कांवड़िये परेशान होने लगे। इससे नाराज कांवड़ियों ने सोरोंजी कोतवाली के इंस्पेक्टर के समक्ष आक्रोश जताया। कांवड़िये बार-बार पुलिस से वाहनों को लहरा तक ले जाने की मांग कर रहे थे, लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने बताया कि लहरा गंगाघाट पर भीड़ का अधिक दबाव है। ऐसी स्थिति में वाहन नहीं जा सकते। वहीं लहरा घाट से वापस लौट रहे कांवड़ियों ने इस पर पुलिस से काफी बहस भी की। दरअसल, घाट पर आसानी से वाहन जा सकते हैं, लेकिन पूर्व निर्धारित व्यवस्था के चलते इंस्पेक्टर ने वाहनों को गंगाघाट तक जाने की अनुमति नहीं दी और उन्हें पाठकपुर के रास्ते कछला गंगाघाट की ओर जाने को कह दिया। ऐसी स्थिति में मजबूर होकर श्रद्धालु कांवड़िये कछला घाट की ओर रवाना हो गए।