अमांपुर। सावन माह में भोले का गंगाजल से अभिषेक करने के लिए कांवड़िया श्रद्धालु कछला गंगाघाट से जल भरकर पैदल अपने गंतव्य को प्रस्थान करते हैं किंतु कस्बा से होकर गुजरने वाली उनकी भक्ति की डगर आसान नहीं है। क्योंकि अमांपुर के गुड़मंडी मार्ग जगह-जगह से टूट गया है। ऊबड़-खाबड़ से होकर गुजरने में श्रद्धालुओं को दिक्कत हो रही है। कई बार स्थानीय लोगों ने इस मार्ग के टूटे फूटे होने की शिकायत नगर पंचायत से की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग सालों से जर्जर है। जगह-जगह इंटरलाकिंग धंस गई है और कई जगह सड़क उखड़ी गई है। इस मार्ग को सुधारने की ओर किसी का ध्यान नहीं है। कस्बा के नाथूराम गुप्ता, राकेश पाराशर, रामनरायन मित्तल, विजय प्रकाश गुप्ता, केशवदेव गुप्ता, शीलेंद्र सोलंकी, बंटू यादव, बसंत गुप्ता, आकाश गुप्ता आदि ने डीएम से समस्या के समाधान की मांग की है।