सोरोंजी। तीर्थंनगरी में चल रहे महाशिवरात्रि के कांवड़ मेले में बड़ी संख्या में कांवड़िये पहुंच रहे हैं। इनमें आसपास के जनपद ही नहीं पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश व राजस्थान से आने वाले कांवड़िये भी शामिल हैं। वे मेले में लगी दुकानों से कांवड़ सजाने के समान की खरीदारी कर रहे हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में दतिया, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, धौलपुर, हिंडौन आदि स्थानों से बड़ी तादाद में कांवड़िये तीर्थंनगरी पहुंचे।हरि की पौड़ी गंगा में स्नान व वराह मंदिर में दर्शन के बाद कांवड़ियों ने अपने तीर्थ पुरोहितों को दक्षिणा देने के बाद कांवड़ सजाने का सामान खरीदा। कांवड़, घुंघरू, घंटी, तस्वीरें, शीशा, माला, झालर, कपड़ा, गंगाजली, बेंत आदि सामान खरीदकर श्रद्धालु लहरा घाट पहुंचे। जहां गंगा स्नान कर कांवड़ सजाई। कांच की गंगाजली में जल भरने के बाद कांवड़ का पूजन कर श्रद्धालुओं ने लहरेश्वर मंदिर में मत्था टेका, इसके बाद श्रद्धालुओं ने सोरोंजी की हरि की हरि की पौड़ी किनारे क्षेत्राधीश वराह मंदिर में दर्शन कर आगे की यात्रा के लिए प्रस्थान किया। कांवड़ियों के पैरों में बंधे घुंघरुओं की रुनझुन व मुख से गाए जा रहे लोकगीत, बम भोले के जयकारे माहौल को पूर्णत: शिवमय बना रहे हैं।