आगरा। महिला टी-20 विश्व कप में आगरा की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के नाम ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज होने का इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है। बृहस्पतिवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी दीप्ति विकेट नहीं ले सकीं। इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 355 विकेट के आंकड़े पर ही बनी हुई हैं। सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाली भारतीय महिला गेंदबाज बनने के लिए उन्हें अब सिर्फ एक विकेट की जरूरत है, लेकिन यह इंतजार अब अगले मुकाबले तक खिंच गया है। पाकिस्तान के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में दीप्ति ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके थे। उस प्रदर्शन के बाद माना जा रहा था कि वह अगले ही मैच में नया इतिहास रच देंगी। हालांकि पाकिस्तान के बाद लगातार दूसरे मुकाबले में भी वह विकेट हासिल नहीं कर सकीं। इससे आगरा के क्रिकेट प्रेमियों की उत्सुकता और बढ़ गई है।