किशनी। थाना क्षेत्र के गांव बसैत में चोरों ने एक बंद मकान के ताले तोड़कर करीब 2 लाख रुपये के जेवर आदि सामान चोरी कर लिया। जानकारी होने के बाद बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। गृहस्वामी की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गांव बसैत के रहने वाले रामजीवन बुधवार को परिजन के साथ किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर में ताला लगा हुआ था। रात में किसी समय चोर ताले तोड़कर घर में दाखिल हुए। इसके बाद कमरों में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर जेवर आदि सामान चोरी कर लिया। बृहस्पतिवार सुबह घर वापस आने पर चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलने के बाद यूपी 112 के कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पीड़ित ने बताया कि चोर सोने के कुंडल, करधनी, पायल, चार बोरी सरसों सहित करीब 2 लाख रुपये कीमत का सामान आदि चोरी कर ले गए हैं। थाना पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।