करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को इटावा के रहने वाले दंपती से बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा के बल पर जेवर और नकदी लूट की वारदात अंजाम दी। सूचना मिलने के बाद एसपी ग्रामीण ने घटनास्थल पहुंच कर पीड़ित दंपती से जानकारी ली। पुलिस की टीमें लुटेरोें की तलाश में जुटी हैं।इटावा के रहने वाले मोहित कुमार बृहस्पतिवार को पत्नी राधा को लेकर एलाऊ थाना क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल आ रहे थे। जब थाना कुर्रा क्षेत्र में गांव डिलाह के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक को रुकवा लिया। बाइक रुकते ही बदमाशों ने तमंचा निकाल कर दंपती को धमकाते हुए राधा के कुंडल, मंगलसूत्र नकदी आदि लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे कस्बा की ओर भाग गए। सूचना मिलने के बाद एसपी ग्रामीण राहुल मिठास ने घटनास्थल पहुंच कर पीड़ित दंपती से जानकारी ली। एसपी ग्रामीण ने बताया कि टीमों को लुटेरों की तलाश में लगाया गया है। जल्द ही लुटेरे पकड़े जाएंगे। पुलिस मार्ग पर लगे हुए सीसीटीवी खंगाल रही है। उधर, पीड़ित दंपती की ओर से कुर्रा थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।