मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र में गांव हसनपुर मोड़ के पास बुधवार की दोपहर जनसेवा केंद्र संचालक से बाइक सवार लुटेरों ने चाकू के बल पर नकदी व अन्य सामान लूट लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित से जानकारी ली। क्षेत्र में चेकिंग की गई।
थाना बेवर क्षेत्र के गांव प्रेमपुर निवासी विजय सिंह भैंसरोली में जनसेवा केंद्र का संचालन करता है। बुधवार की दोपहर वह पिट्ठू बैग में 70 हजार की नकदी, लैपटॉप, फिंगरप्रिंट डिवाइस व अन्य सामान रख कर बाइक से भैंसरोली आ रहा था। बाइक जब थाना क्षेत्र में हसनपुर मोड़ के पास पहुंची, तभी अचानक पीछे से आई एक बाइक ने कट मार कर गिरा दिया।
पीठ पर लगाया चाकू, बैग लूटकर भागे
जब तक विजय संभल पाता बाइक सवार एक बदमाश ने पीठ पर चाकू लगा दिया और पिट्ठू बैग लूट कर भाग गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से दहशत में आए विजय ने संभलने के बाद पुलिस को फोन कर लूट की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक बीएस भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। लुटेरों की तलाश में क्षेत्र में कॉबिंग शुरू की गई, लेकिन लुटेरों का कोई पता नहीं लग सका। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। रिपोर्ट दर्ज कर जल्द से जल्द पुलिस लूटकांड का खुलासा करेगी।