गंजडुंडवारा कादरगंज मार्ग पर नगला तरसी पर लगे जाम में फंसे वाहन ।
कासगंज/गंजडुंडवारा। माघ पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर जाने वाले मार्गों पर जाम की स्थिति रही। श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक जाम में फंसे वाहन रेंग-रेंगकर चलते दिखे। माघ पूर्णिमा स्नान पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंगलवार शाम से ही गंगाघाटों पर पहुंचने लगे। बहुत से श्रद्धालु तड़के ही स्नान कर गंतव्य के लिए लौटने लगे। सुबह 9 बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव बढ़ा। श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली, लोडर वाहन, बाइकों व अन्य वाहनों से गंगा घाटों पर पहुंचने लगे। तीर्थनगरी सोरोंजी में हरि की पौड़ी श्रद्धालुओं ने स्नान किया। वहीं बड़ी संख्या में लहरा गंगाघाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया। लहरा क्षेत्र में भी काफी भीड़ का आलम रहा। सकरी सड़कों पर वाहन फंसते नजर आए। वहीं कछला गंगाघाट के बरेली मार्ग पर कछला पुलिस चौकी से पुल तक काफी वाहन सड़क पर इधर-उधर खड़े थे। बसे ज्यादा परेशानी कादरगंज गंगाघाट पर हुई। क्योंकि इस घाट पर रामनगरिया मेला लगता है। जिसके कारण आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए और जाम के हालात पैदा हो गए।