किशनी। राजस्थान के जालौर में अनुसूचित जाति के छात्र की मौत से लोगों में आक्रोश है। बृहस्पतिवार शाम को नगर में सर्वदलीय कैंडल मार्च निकालकर छात्र को श्रद्धांजलि दी गई। लोगों ने आरोपी शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिजन को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
शनिवार देर शाम नगर में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर छात्र को श्रद्धांजलि दी। साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इस्तीफे की मांग की। बसपा नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि आधुनिक समय में भी जातिवाद का कहर बरपाते हुए मासूम बच्चे को मटके से पानी पीने के कारण शिक्षक ने पीटकर मार डाला। कैंडल मार्च रोडवेज बस स्टैंड, सदर बाजार होते हुए रामनगर तिराहा पर पहुंचकर समाप्त हुई। एसआई मनोज पौनिया पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस मौके पर पूर्व सांसद प्रतिनिधि डेनी यादव, भाजपा नेता उमाकांत यादव, सपा जिला सचिव रामबाबू सविता, सभासद जितेंद्र, रानू जाटव, रवि चौहान, विवेक गौतम आदि मौजूद रहे।