कांपेक्शन न होने से सड़कें धंसीं
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि कई सड़कें जल निगम ने सीवर लाइन बिछाने के बाद बनाईं, जिसके ऊपर ब्लैक टाॅप निगम ने किया। कांपेक्शन न होने से सड़कें धंस गईं। जो जल निगम के दायरे में हैं, वह सड़कें वह सुधारेंगे, बाकी में गड्ढा मुक्ति के लिए विशेष अभियान शुरू कराया है, जिसमें टेंडर की जगह निगमकर्मी ही गड्ढों की मरम्मत कर रहे हैं। वहीं जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर स्वतंत्र कुमार ने बताया कि सीवर लाइन बिछाने के काम के दौरान जो सड़कें बनाई गईं, वह कुछ जगह धंसी हैं। एक साल तक इनके रखरखाव और दोबारा बनाने की जिम्मेदारी कंपनी की है। यूपीएसआईडीसी समेत जिन जगहों पर सड़कें धंसी हैं, उन्हें हम दोबारा बनवा रहे हैं। एक साल तक कंपनी को देखरेख भी करनी है।
गड्ढों के लिए विशेष अभियान
नगर निगम ने सप्ताह भर पहले शहर में चारों जोन के अधिकारियों से सर्वे कर गड्ढों की रिपोर्ट मांगी थी। जिसमें 21 जगहों से सड़कों पर गड्ढे भरने की रिपोर्ट दी गई। नगर आयुक्त ने इस पर शहर में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए सोमवार से विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। चारों जोन में गड्ढों की संख्या एकाएक बढ़ गई। सोमवार को नगर आयुक्त को अधिकारियों ने गड्ढे भरने की जो रिपोर्ट सौंपी, उसमें कुल 92 गड्ढे भरने का दावा किया गया है। जिसमें छत्ता जोन में 12, लोहामंडी में 27, ताजगंज में 19 और हरीपर्वत में 34 गड्ढे भरने का दावा किया गया। इसी अभियान में तीन मैनहोल, चार जगह सी एंड डी वेस्ट और तीन जगह नाले की पुलिया की मरम्मत कराई गई।