टूंडला में सिकरारी बंबा की जेसीबी से सफाई करते सिंचाई विभाग
- फोटो : TUNDLA
टूंडला। बंबा और रजबहा की सफाई का कार्य सिंचाई विभाग ने शनिवार को शुरू करा दिया है। रजबहा में उगी घास, कटी पटरियों की खबर अमर उजाला ने 16 नवंबर को प्रकाशित की थी। रजबहा सूखे होने से किसानों के सामने सिंचाई का संकट है।
रजबहा साफ न होने से आलू किसान चिंतित थे। चिंता सता रही कि सिंचाई कैसे करें। कई स्थानों पर रजबहा की पटरी कटी हुई है। घास और जलकुंभी उगी होने से पानी का प्रवाह थमा है। अमर उजाला ने खबर प्रकाशित होने के बाद सिंचाई विभाग हरकत में आया। विभाग ने शनिवार को टीम तैयार कर सफाई के लिए जेसीबी को भेजा।
टीम ने हाथरस-सिकरारी, हाथरस-घिरोली रजबहा की सफाई कराई। इसके साथ ही जेसीबी से कटी हुई पटरियों को सही कराया। क्षेत्रीय किसानों ने अमर उजाला का धन्यवाद जताते हुए कहा कि अब उम्मीद है कि समय से सफाई हो रही है तो बंबा और रजबहा में पानी आ जाएगा। खुशी जताने वाले किसानों में मानवेंद्र सिंह चौहान, बंटी पाठक, महेश पाठक, ब्रजवीर सिंह चौहान, देवव्रत शर्मा, राजीव गौतम आदि हैं।
बंबा और रजबहा का सफाई कार्य शुरू करा दिया है। जहां भी पटरी कटी हैं, उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। नवंबर माह के अंत तक सफाई कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही दिसंबर के पहले सप्ताह में पानी छोड़ दिया जाएगा।
रामगोपाल, एक्सईएन-सिंचाई विभाग