अछनेरा सरकारी बस स्टैंड निर्माण में अनियमितता, मानकों के विपरीत कार्य उजागर
अछनेरा। कस्बा अछनेरा में निर्माणाधीन सरकारी बस स्टैंड में एक बार फिर मानकों के विपरीत निर्माण कार्य होने का मामला देखने को मिला। सोमवार को सीएनडीएस के जूनियर इंजीनियर हसन हैदर ने औचक निरीक्षण किया, तो निर्माण में प्रयुक्त सामग्री चंबल मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित दीवार को तुड़वाकर हटवा दिया गया। जूनियर इंजीनियर ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग बिल्कुल न किया जाए। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी विधायक प्रतिनिधि रामेश्वर चौधरी की मौजूदगी में एआरएम आगरा द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान निर्माण में पुरानी ईंटों का प्रयोग पाया गया था। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में पारदर्शिता बरतने की मांग की है।