मैनपुरी। सीएचसी कुरावली पर नसबंदी आपरेशन के बाद हालत बिगड़ने से हुई महिला की मौत के मामले में सीएमओ ने जांच बैठा दी है। तीन सदस्सीय जांच टीम से दो दिन में रिपोर्ट मांगी गई है।
सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने बताया कि कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत सीएचसी कुरावली पर 21 जुलाई को नसबंदी शिविर लगाया गया। इसमें डॉ. गौरव पारिख सर्जन, उमा चौधरी स्त्री रोग विशेषज्ञ और उनकी टीम मौजूद रही। सीएचसी अधीक्षक द्वारा अवगत कराया कि शिविर में 18 व्यक्तियों की नसबंदी की गई। ऑपरेशन के दौरान नगला धर्मपाल निवासी सुनीता की हालत बिगड़ने पर सैफई चिकित्सालय रेफर किया गया। जहां उसकी मृत्यु हो गई। मृतका सुनीता के पति संजू द्वारा बेहोशी की गलत दवा दिए जाने, लापरवाही आदि के आरोप लगाए हैं। सीएमओ ने मामले में तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है।
सीएमओ ने बताया कि जांच टीम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव राय को अध्यक्ष बनाया गया है। संजीव राय बहादुर अपर मुख्य सचिव आरसीएच एवं डॉ. अनिल कुमार वर्मा अपर मुख्य सचिव प्रशासन को सदस्य नामित किया गया है। टीम को निर्देशित किया है कि मृत्यु के कारण, लापरवाही के आरोपों की निष्पक्ष जांच आख्या दो दिन प्रस्तुत करें। दोषी पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के नाम, पदनाम प्रेषित किया जाए। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ मुनेंद्र सिंह को प्रकरण में आख्या देने और जांच अधिकारियों को सहयोग करने को कहा है। सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने बताया कि महिला के पति के शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।