मैनपुरी। कस्बा में एक खेत पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में मदद के लिए दरोगा ने 12 हजार रुपये की रिश्वत ले ली। इसके बाद भी महिला को मदद नहीं मिल सकी। दरोगा और महिला के बीच हुई बातचीत का ऑडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
अधिकारी चाहे जितने भी प्रयास कर लें। विभाग की छवि धूमिल करने वाले पुलिसकर्मी अपनी हरकतों से बाज नहीं आने वाले। ऐसा ही एक मामला अब थाना औंछा क्षेत्र में भी सामने आया है। बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक महिला और थाने में तैनात एक दरोगा का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें महिला खेत के विवाद को लेकर दरोगा से मदद की बात कह रही है। महिला कह रही है कि आपने 15 हजार रुपये मांगे थे, लेकिन उसने सिर्फ 12 हजार रुपये ही दिए। रुपये लेने के बाद भी अभी तक उनके पक्ष को कोई मदद नहीं मिल सकी है। इस पर दरोगा की ओर से स्टे आदि लाए जाने की बात का जिक्र किया जा रहा है। वहीं, महिला कह रही है कि वह और खर्च भी दे सकती है, लेकिन उसकी मदद की जाए। इस पर दरोगा की ओर से मदद का आश्वासन दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर रिश्वत को लेकर महिला और तथाकथित दरोगा के बीच बातचीत का ऑडियो सामने आने के बाद महकमे में चर्चाएं शुरू हो गईं हैं। हालांकि कोई भी पुलिसकर्मी कुछ बोलने से बच रहा है।