मैनपुरी। चचेरे भाई की हत्यारोपी बहन की कुर्की करने के लिए दरोगा ने समय मांगा है। जिला जज सुधीर कुमार ने कुर्की करने के लिए 17 सितंबर तक का समय दे दिया है। अगली सुनवाई 17 सितंबर को की जाएगी। हत्यारोपी बहन को जिला जज पहले ही फरार घोषित कर चुके हैं।
नगला कोंडर के रहने वाले रोबिन यादव की 12 सितंबर 2020 को उसके ताऊ के लड़के राहुल यादव ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी। हत्या करने में राहुल की मां कुसुमा देवी तथा बहन अर्चना ने राहुल का साथ दिया। रोबिन की मां रीता देवी ने थाना दन्नाहार में राहुल, कुसुम देवी, अर्चना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने अर्चना का नाम निकालकर राहुल और कुसुमादेवी के खिलाफ चार्जशीट न्यायालय में भेज दी। कुसुमादेवी और राहुल को जिला जज न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।
मृतक की मां रीतादेवी ने जिला जज के न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर अर्चना को रोबिन की हत्या के मामले में तलब कराया। जिला जज सुधीर कुमार ने हाजिर नहीं होने पर उसको फरार घोषित कर दिया साथ ही जिला जज ने कुर्की जारी की। दरोगा ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर अर्चना की कुर्की करने के लिए समय मांगा है। जिला जज सुधीर कुमार ने कुर्की के लिए समय देकर अगली सुनवाई के लिए 17 सितंबर की तारीख तय की है।