उत्तर प्रदेश के आगरा में हुए भीषण सड़क हादसे में घायल मासूमों को होश आने लगा है। वो (नमन) मासूम है। हाथ-पैरों में चोट लगी है। दर्द से कराह रहा है। तीन दिन से इलाज चल रहा है। शनिवार को होश में आते ही एक ही सवाल किया, बहन दीप्ति और भाई अरविंद कहां हैं? गुंजन पास क्यों नहीं है? वो भी तो मेरे पास ही खड़े थे। वो ठीक तो हैं न। बेटे नमन के ये सवाल सुनकर परिजन के आंसू निकल आए। उन्होंने यही कहा, तुम ठीक हो जाओ पहले, सब बता देंगे।
11 मई की सुबह फतेहाबाद मार्ग पर डौकी के गांव कछपुरा के गांव बास महापत के मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने मौसेरे भाइयों रूपेश और परमहंस के 6 बच्चों को रौंद दिया था। हादसे में रूपेश की 14 साल की बेटी दीप्ति, 8 साल के बेटे अरविंद उर्फ आर्यन की मौत हो गई थी। वहीं 13 साल की बेटी गुंजन और 11 साल का बेटा नमन घायल हुए थे। परमहंस की नौ साल की बेटी प्रज्ञा की मौत हुई थी। पांच साल की लावण्या घायल हो गई थी।
इस दौरान उसने कई सवाल पूछे
नमन के चाचा चंदन तोमर ने बताया कि बच्चों के इलाज में परिवार के लोग लगे हैं। शनिवार सुबह नमन को होश आ गया। वह दर्द से कराह रहा था। उसके हाथ-पैरों में चोट लगी है। इस पर उसे खाने के लिए बिस्कुट दिए। इसके बाद फल भी खिलाए। इस दौरान उसने कई सवाल पूछे। उसे बताया गया कि सब ठीक हैं। जिन्हें पूछ रहा वे दूसरे वार्ड में भर्ती हैं। इस पर वो चुप हो गया। उसे मौत के बारे में कुछ नहीं बताया गया।
गुंजन की हालत गंभीर
चाचा चंदन तोमर ने बताया कि गुंजन की हालत गंभीर है। वह एम्स में भर्ती है। भाई खमान सिंह (गुंजन के ताऊ) और रामनिवास (मामा) उसके साथ गए हैं। वह कोमा में है। एसएन मेडिकल कालेज से उसे रेफर किया गया था।
डीसीपी पहुंचे गांव, ग्रामीणों से की बात
डीसीपी पूर्वी जोन सोमेंद्र मीणा शनिवार को गांव बास महापत पहुंचे। ग्रामीणों से बात की। ग्रामीणों ने कहा कि कार में सवार तीन और लोगों पर कार्रवाई होगी। इस पर उन्होंने कहा कि वो जांच करा रहे हैं। टीम को लगाया गया है। आरोपी के गांव से लेकर दिल्ली तक टीम जांच करेगी। अगर, किसी और का नाम आता है तो वो केस में बढ़ाया जाएगा। कार्रवाई की जाएगी।
लावण्या को भी आया होश
पांच साल की लावण्या का इलाज भी जीआर अस्पताल में चल रहा है। शुक्रवार को उसका एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी में सीटी स्कैन हुआ था। इसके बाद उसे जीआर अस्पताल ले आया गया। उसकी देखरेख में पिता परमहंस लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि बेटी को होश आ गया है। वह कुछ बोल नहीं पा रही है। उसके सिर में टांके हैं। हाथ में चोट लगी है।