मैनपुरी। जिले में बुखार के साथ ही हृदय की समस्या के मरीज बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल पहुंचे बुखार पीड़ित 2 माह के मासूम की माैत हो गई। वहीं हार्ट अटैक से 2 अन्य मरीजों की जान चली गई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 18 मरीजों को बुखार, सांस और हार्ट की समस्या से पीड़ित होने पर भर्ती कराया गया। मौसम में हो रहे परिवर्तन के कारण पिछले कुछ दिनों से जिले में मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ी है। जिला अस्पताल में शुक्रवार को मरीजों की भीड़ देखी गई। अस्पताल की ओपीडी में 1153 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। जबकि 18 मरीज बुखार, हार्ट और सांस लेने में दिक्कत के चलते भर्ती कराए गए। बिछवां थाना क्षेत्र के गांव सुरजनपुर निवासी रेहांश (2 माह) पुत्र गोविंद को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उसका एक निजी डाॅक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। बृहस्पतिवार की शाम हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भोगांव थाना क्षेत्र के गांव धुबैया निवासी कांती देवी (60) पत्नी मुन्नालाल को बृहस्पतिवार की शाम हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के देवी बाईपास रोड निवासी देवेंंद्र राजपूत (50) को भी बृहस्पतिवार की देर शाम हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. संजय कुमार गुप्ता का कहना था कि तीनों ही मरीजों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।