कासगंज। बदलता मौसम बच्चों के लिए मुसीबत बना हुआ है। बच्चे निमोनिया की चपेट में आ रहे हैं। गंजडुंडवारा क्षेत्र में एक बच्चे की निमोनिया से मौत हो गई। जिला अस्पताल में भी दो बच्चे निमोनिया से पीड़ित होकर पहुंचे। सहावर के मोहल्ला मोरी निवासी स्वर्गीय मनोज कुमार के पुत्र हृदेश (डेढ़ वर्ष) व उसकी मांं रश्मि 11 दिन पूर्व अपने मायके गई अजीतपुर गंजडुंडवारा गई हुई थी। अचानक हृदेश की हालत बिगड़ गई। उसे सर्दी, खांसी, सांस में दिक्कत आने पर परिजन निजी चिकित्सक के यहां ले गए। चिकित्सक ने मासूम को निमोनिया बताया। रविवार की रात को उसकी मौत हो गई। जिले में बदलते मौसम का असर बच्चों की सेहत पर देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में बच्चे सांस में दिक्क्त, बुखार, सर्दी, खांसी की चपेट में आ रहे है। जिला अस्पताल में 253 बच्चे पहुंचे। इनमें से दो बच्चों में निमोनिया के लक्षण मिले।