कासगंज। लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को कई महत्वपूर्ण जानकारियां सुविधाजनक तरीके से साझा कराई जा रही हैं। मतदाता पर्ची के क्यूआर कोड से मतदान केंद्र की स्थिति, तिथि आदि की जानकारी ली जा सकती है। जिससे मतदाता को मतदान करने में कोई असुविधा नहीं हो और इधर-उधर जानकारी जुटाने के लिए समय बर्बाद नहीं हो।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम सुधा वर्मा ने कहा कि प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी चुनाव कराने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन के लिए पहले से ही मतदाता सूची में मतदाता अपना नाम जांचे और मतदान केंद्र की जानकारी जुटाएं। मतदाता सूची के क्रम संख्या आदि की जानकारी मतदाता पर्ची पर अंकित है। संबंधित बीएलओ के द्वारा मतदान की तारीख से पांच दिन पूर्व पर्चियां मतदाताओं तक पहुंचाई जाएंगी। पर्ची पहुंचाने का काम शुरू किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे पहचान के प्रमाण के रूप में नहीं माना जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता को फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई भी एक दस्तावेज प्रस्तुत करना जरूरी है।