राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला क्रिकेट टीम पदक जरूर जीतेगी। हरफनमौला खिलाड़ी टीम की ताकत बनेंगी। बड़े लक्ष्य को हासिल करने में भी दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य पूनम यादव ने टीम की तैयारियों के संबंध में सोमवार को अमर उजाला से बातचीत में यह कहा। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड की भी दावेदारी मजबूत रहेगी।
साथी खिलाड़ी दीप्ती शर्मा के बारे में बोलीं कि वह अपने खेल को लेकर काफी सजग हैं। मेरा मानना है कि राष्ट्रमंडल खेलों में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहेगा। कई सीजन से तमाम टूर्नामेंट में दीप्ती लगातार गेंद और बल्ले से अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि टी-20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले मैचों में कुछ भी कह देना थोड़ी जल्दबाजी होती है। एक ओवर में भी मैच पलट जाता है।
पूनम यादव का कहना है कि इंग्लैंड का मौसम भारतीय टीम के लिए एक बड़ी चुनौती होगा। वहां मौसम काफी अलग है। खिलाड़ियों को मौसम के साथ समायोजित होने में थोड़ा समय लग सकता है।