उत्तर प्रदेश के आगरा में मेयर के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दाखिल किया गया पर्चा निरस्त हो गया है। नामांकन पत्र की जांच हुई तो मतदाता सूची में प्रत्याशी का नाम नहीं मिला। इसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) ने निर्दलीय मेयर प्रत्याशी मंजू जाटव का पर्चा निरस्त कर दिया। अब मेयर की दौड़ में 10 प्रत्याशी हैं। बृहस्पतिवार को नाम वापसी होगी।
मंजू जाटव का पर्चा निरस्त
नगर निगम में मेयर के लिए भाजपा, सपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, जनाधिकार पार्टी, आजाद समाज पार्टी, पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी सहित 11 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। मंगलवार को मेयर के पर्चों की जांच हुई। इसमें निर्दलीय प्रत्याशी मंजू जाटव का पर्चा निरस्त हो गया है।
12 घंटे में नहीं हो पाई नामांकनपत्रों की जांच
नगर निगम में मंगलवार को नामांकनपत्रों की जांच होनी थी। मेयर के पर्चों की जांच हो गई, लेकिन 100 वार्डों में हुए पार्षद प्रत्याशियों के नामांकनपत्रों की जांच नहीं हो पाई। 10 बजे से जांच शुरू हुई। जो रात 10 बजे तक पूरी नहीं हो पाई। प्रशासन ने रात 10 बजे तक नामांकनपत्रों की जांच रिपोर्ट जारी नहीं की। बुधवार को नामांकनपत्रों की जांच रिपोर्ट जारी हो सकती है।