कासगंज। त्योहार के मौके पर अक्सर लूट और छिनैती की घटनाएं बढ़ जाती हैं। होली का त्योहार नजदीक होने के कारण अभी से ऐसे गिरोह सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार को सराफा कारोबारी की आंखों में मिर्च डालकर लूट की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की गई, लेकिन एक लुटेरा लोगों ने दबोच लिया।
शिवरात्रि पर्व से पहले ढोलना थाना क्षेत्र में दो बाइक सवारों के साथ लूट की घटनाएं हुईं। बिरसुआ गांव के निवासी तेज सिंह की पत्नी का पर्स लुटेरे छीन ले गए। इसी दिन एक और घटना हजारा नहर बाईपास पुल पर हुई। जहांं भूपेंद्र सिंह व उनकी भाभी को लुटेरों ने लूट का शिकार बनाया, लेकिन पुलिस ने इन वारदातों को अंजाम देने वाले 3 लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया और लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया। अब फिर से ऐसी घटनाओं को लेकर संवेदनशीलता बढ़ गई है।
- त्योहार पर पुलिस की सतर्कता जारी है। अराजक तत्वों और अपराधियों को लेकर पुलिस सख्त है। सभी सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है। पुलिस की टीमें गश्त कर रहीं हैं- अजीत चौहान, सीओ सिटी।