मैनपुरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के छात्र-छात्राओं को एक अप्रैल से शुरू होने जा रहे नवीन सत्र में शतप्रतिशत कोर्स पढ़ना होगा। परिषद ने इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी नए आदेशों के तहत कॉलेजों में शिक्षण कार्य करने के निर्देश दिए हैं। कोरोना काल में काटे गए 30 प्रतिशत कोर्स की भी नवीन सत्र में पढ़ाई करनी होगी।
शिक्षा सत्र 2021-22 और 2022-23 में कोरोना महामारी के कारण प्रत्येक विषय में माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा नौ से 12 तक 30 प्रतिशत कोर्स काट दिया था। इसका छात्र-छात्राओं को दो साल से अध्ययन नहीं करना पड़ रहा था। लेकिन शिक्षा सत्र 2023-24 में कोरोना काल में काटे गए कोर्स को शामिल कर लिया गया है। छात्र-छात्राओं को एक अप्रैल से शुरू होने जा रही नवीन सत्र में शतप्रतिशत कोर्स पढ़ना होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि सभी प्रधानाचार्य माध्यमिक शिक्षा परिषद से जारी निर्देशों का अध्ययन करें। नए निर्देशों के अनुसार एक अप्रैल से शिक्षण कार्य शुरू कराएं। शिक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए। समय से कोर्स पूरा करााया जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने नवीन पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षण कार्य के लिए प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं।
एक अप्रैल से ही समय सारिणी करें तैयार
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने एक अप्रैल से शुरू होने जा रहे शिक्षा सत्र में एक अप्रैल से ही समय सारिणी तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट से पाठ्यक्रम अपलोड कर समय सारिणी तैयार कर शिक्षण कार्य कराना सुनिश्चित करें।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शिक्षा सत्र 2023-24 के लिए पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। प्रधानाचार्य और छात्र परिषद की वेबसाइट से पाठ्यक्रम की जानकारी ले सकते हैं। कोरोना काल में कम किया गया कोर्स अब पूरा पढना होगा। - मनोज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक