विवाहिता को ससुराल वालों ने दहेज की खातिर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। पहले उसकी आंख फोड़ी और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली। मायके वालों की तहरीर के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में हैवान बने ससुराल वालों ने विवाहिता को बेहद ही खौफनाक मौत दी। देहज के लालच में इस कदर अंधे हुए कि विवाहिता की जान लेने से पहले उसकी आंख फोड़ी और फिर गला दबाकर मार डाला। वारदात के बाद ससुराल वाले फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में पुलिस ने ससुराल के चार सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज़ किया है।
विज्ञापन
Trending Videos
ये घटना फतेहाबाद कस्बे के थाना डौकी के गांव लखनपुरा की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बसई अरेला क्षेत्र के रहने वाले देवेन्द्र ने अपनी बहन रूबी की शादी सनी पुत्र राजवीर निवासी लखनपुरा थाना डौकी के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद तक तो सबकुछ ठीक ठाक चला, लेकिन इसके बाद ही ससुराल वाले दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती थी।
कई बार इस मामले में पंचायत हुईं, तो मामला शांत हो गया। देवेन्द्र ने बताया कि इस बार 16 मई की रात 11:00 बजे बहन की ससुराल से फोन आया। बताया गया कि बहन रूबी की तबीयत खराब है। देवेन्द्र जब बहन के ससुराल पहुंचा तो वहां मामला ही कुछ और निकला। देवेन्द्र ने पुलिस को बताया कि बहन की लाश घर में पड़ी हुई थी। उसकी आंख भी फूटी थी। आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने बहन की आंख फोड़ी और उसके बाद गला दबाकर उसकी जान ले ली।
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मृतका के भाई द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सनी, ससुर राजवीर, सास नर्मदा और ननद कविता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।