मैनपुरी। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालीजन विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। नशे की गोलियां खिलाने के साथ ही भूखा प्यासा रखा जाता था। उसे जान से मारने के लिए फंदे पर लटकाने की भी कोशिश की गई। पीड़ित ने सदर कोतवाली में ससुरालीजन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दरीबा निवासी जकिया नूर ने बताया कि मेरा निकाह 11 जनवरी 2024 को मोहम्मद जुनैद अनवार निवासी चोपर कुआ पचराहे के पास जनपद इटावा के साथ हुआ है। निकाह के कुछ दिन बाद ही कम दहेज को लेकर ताने मिलना शुरू हो गए। इसके बाद पति जुनैद, ससुर मोहम्मद अनवार, सास रेशमा बेगम, ननद सोबी, अनम, देवर उजैर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। उसे भूखा प्यासा रखा जाने लगा।
ससुरालीजन 25 लाख रुपये और बाइक की मांग करने लगे। असमर्थता जताने पर उसे पीटा जाने लगा और नशे की गोलियां खिलाई जाने लगीं। 23 जून को सभी ने उसकी पिटाई की और जान से मारने के लिए फंदा डाल कर खींचा गया, लेकिन वह किसी तरह से बच कर निकल आई। पुलिस ने ससुरालीजन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।