ससुरालीजन पर विवाहिता को जहर देकर मारने का आरोप
गांव अर्जुनपुर में हुई घटना, पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव अर्जुनपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके पक्ष की ओर से जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
जनपद इटावा के थाना बसरेहर क्षेत्र के गांव धारा निवासी अमित कुमार ने दो वर्ष पूर्व बहन काजल (23) की शादी एलाऊ क्षेत्र के गांव अर्जुनपुर निवासी कुलदीप वाल्मीकि के साथ की थी। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर कुछ समय बाद ही ससुरालीजन काजल को प्रताड़ित करने लगे। शनिवार की शाम उन्हें सूचना मिली कि काजल की मौत हो गई है। जब वह लोग गांव अर्जुनपुर पहुंचे तो वहां विवाहिता का शव पड़ा हुआ था। मृतका के भाई अमित ने आरोप लगाया कि शनिवार की रात ससुरालीजन ने बहन की पिटाई की। उसे खाने में जहर देकर मार डाला। पति कुलदीप, ससुर राजपाल, अनुज, जितिन और सुनीता देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद थाना एलाऊ पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।